जौनपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र निवासी शबाना के प्रार्थना पत्र पर सीजेएम ने नगर पालिका अध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी सहित चार पर वाद दर्ज कर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली को मामले की जांच कर आख्या देने का आदेश दिया है।
शबाना निवासी मोहल्ला अर्जन, बड़ी मस्जिद ने कोर्ट में अधिवक्ता अम्बरीष श्रीवास्तव के माध्यम से प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि उसके पुश्तैनी मकान का मुकदमा नगर पालिका में सलमा बनाम अनवर चल रहा है। मुकदमा के दौरान अनवर की मृत्यु हो गई और उसकी पत्नी कैसर बानो नगर पालिका परिषद के अधिकारी व कर्मचारियों से मिलीभगत कर उन्हें अनुचित लाभ देकर वादिनी का फर्जी हस्ताक्षर 26 जून 2018 को बनवा कर पत्रावली में नामांतरण की प्रक्रिया को दृष्टिगत करते हुए वादिनी व उसके परिवार का नाम कटवाकर अपना व अपने परिवार वालों का नाम चढ़वा लिया। वादिनी नगर पालिका परिषद जाकर पत्रावली देखी तो हलफनामा में 10 रुपए के स्टांप पर उसका नाम लिखा था जिस पर उसका फर्जी हस्ताक्षर था। उसने नगर पालिका चेयरमैन व अधिशासी अधिकारी को पूरी बात बताया लेकिन उन लोगों ने भगा दिया। कैसर बानो ने चेयरमैन, अधिशासी अधिकारी व रिटायर पैरोकार हैदर की मिलीभगत से धोखाधड़ी व जालसाजी कर वादिनी की संपत्ति पर अपना नाम चढ़वा लिया। 22 फरवरी 2019 को 8:30 बजे कैसर बानो दो अज्ञात व्यक्तियों के साथ जबरन उसके कमरे में घुस आई और उसे गालियां देते हुए धमकी दी कि मुकदमा वापस ले लो नहीं तो तुम्हारी जिंदगी बर्बाद कर देंगे। कोतवाली व पुलिस अधीक्षक को आरोपियों के खिलाफ़ प्रार्थना पत्र दिया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।