महराजगंज। बटवारे के विवाद में मारपीट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो शुक्रवार को युवती ने अपनी मां, बहन और भाई के साथ महराजगंज तिराहे के पास मिट्टी का तेल छिड़ककर सामूहिक रूप से आत्मदाह करने की कोशिश की।
महराजगंज क्षेत्र के चारों गांव निवासी पूजा मिश्रा(22) के पिता राम अंजोर मिश्रा की मौत हो चुकी है। पूजा और उनकी मां ऊषा देवी(55), भाई संदीप(28) व बहन अर्चना(24) अपने चाचा सभाजीत मिश्रा के साथ एक ही परिवार में रहते हैं। राम अंजोर अध्यापक थे । पूजा का आरोप है कि पिता की मौत के बाद उनके चचेरे भाई उनके साथ बुरा व्यवहार करने लगे। उनकी मां, भाई और बहन की मानसिक हालत भी ठीक नहीं है। पिता की मौत के बाद मां को मिलने वाली पेंशन भी चचेरे भाई ही निकलवा लेते हैं। जमीन का बंटवारा कर दिया है लेकिन आबादी का बंटवारा नहीं कर रहे है। वह आबादी की भूमि पर वह अपना छप्पर रखने का प्रयास कर रही थी तो चचेरे भाई ने उसकी पिटाई कर दी। उसने गुरुवार को थाने में तहरीर दी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इससे क्षुब्ध होकर पूजा अपनी मां, भाई और बहन के साथ शनिवार को महराजगंज बाजार स्थित तिराहे पर पहुंची। जहां चारों ने अपने ऊपर मिट्टी का तेल छिड़क लिया और आत्मदाह का प्रयास किया। हालांकि आसपास के लोगों ने उन्हें बचा लिया। पूजा एक ही रट लगाई थी कि उसे इंसाफ चाहिए। प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणीलाल सेन ने बताया कि बुधवार को पूजा द्वारा दी गई तहरीर पर उसके चचेरे भाई जनार्दन व उनकी पत्नी पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तिराहे पर आत्मदाह करने की कोशिश करने के लिए उसे उकसाया गया है, जिसके उकसावे में उसने ऐसा किया है उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।