जौनपुर में अलग अलग हुए सड़क हादसों में एक कार चालक की मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शाहगंज प्रतिनिधि के अनुसार वाराणसी के कपसेठी थाना क्षेत्र के धौकलगंज दादुरपुर महिन गांव निवासी धर्मेन्द्र कुमार (42) पुत्र राजकुमार अम्बेडकर नगर की ओर से इण्डिका कार से वाराणासी की ओर जा रहे थे। वह चिरैयामोड़ के समीप पहुंचे थे तभी सामने से आ रहे ट्रक से सीधी टक्कर हो गई। घटना में कार क्षतिग्रस्त हो गई। कार चला रहे धर्मेद्र की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने कार से चालक का शव निकाल कर पोस्टमार्ट्रम के लिए भेज दिया और कार व ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
मुंगराबादशाहपुर प्रतिनिधि के अनुसार थाना क्षेत्र के भैरोपुर निवासी रामप्रकाश पटेल (27) पुत्र रामसजीवन पटेल रविवार को बाइक से फूलपुर से मुंगराबादशाहपुर की तरफ आ रहे थे। वह पांडेयपुर के पास पहुंचे थे तबी जौनपुर की तरफ से सामने से आ रही ट्रक ने टक्कर मार दी जिससे वह घायल हो गए । ग्रामीणों ने तत्काल एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां हालात गंभीर देखकर बेहतर उपचार के लिए डाक्टर ने प्रयागराज रेफर कर दिया। चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।
रामपुर प्रतिनिधि के अनुसार रामपुर बाजार निवासी जनई प्रजापति 42 वर्ष कहीं पैदल जा रहे थे। वह कठवतिया चौराहे के पास पहुंचे थे तभी जौनपुर से मिर्जापुर की तरफ जा रहे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पीएचसी रामपुर से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। ट्रक को पुलिस ने सिधवन चौराहे के पास से कब्जे में ले लिया।