शाहगंज। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाने के नाम पर रिश्वत लेने के आरोप में लेखपाल को निलंबित कर दिया गया। रिश्वत लेने का वीडियो वारल होने पर सोमवार को एसडीएम शाहगंज राजेश कुमार वर्मा ने यह कार्रवाई की है।
शाहगंज तहसील क्षेत्र के पट्टीचकेसर गांव के लेखपाल राजेश सिंह पर आरोप हैं कि तीन दिन पूर्व वह पट्टी चकेसर गांव में पहुंचे। जहां प्रधानमंत्री सम्मान निधि योजना के तहत लाभार्थियों का सत्यापन व फार्म भरने का काम शुरू किया। ग्रामीणों के बीच बैठे लेखपाल ने लोगों से योजना का लाभ पाने के लिए फार्म भरने को कहा और खुलेआम प्रत्येक किसान से सौ-सौ रुपये लिए। लेखपाल के इस कृत्य का वीडियो गांव के ही एक युवक ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया। बाद में वीडियो वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने की खबर अखबारों में छपी तो तहसील प्रशासन हरकत में आया। सोमवार को एसडीएम शाहगंज राजेश कुमार वर्मा ने रिश्वत लेने के आरोप में लेखपाल राजेश सिंह को निलंबित कर दिया। एसडीएम ने बताया कि लेखपाल को निलंबित कर जांच बैठा दी गई है।