खुटहन और सिंगरामऊ थाना क्षेत्र में अलग अलग हुई अगलगी की घटना में सात छप्पर और उसमें रखा गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया।
खुटहन क्षेत्र के सुइथाखुर्द गांव मे शुक्रवार को दोपहर छप्पर के ऊपर गुजरे 11 हजार वोल्ट बिजली के तार में शार्ट सर्किट से गोशाला के दो छप्पर में आग लग गई। मवेशियों को सुरक्षित बचा लिया गया जबकि छप्पर जलकर राख हो गया। गांव निवासी राम प्रताप गौतम के छप्पर के ऊपर से 11 हजार वोल्ट बिजली का तार गुजरा है। दोपहर मे तेज चल रही पछुआ हवा के चलते दो तार आपस टकरा गए। मड़हे में आग लग गई। पशुपालक मौके पर मौजूद थे। वह शोर मचाते हुए छप्पर में बंधी तीन गाय और एक भैंस को छोड़ दिए जिससे सभी मवेशी भागकर बाहर निकल आए। शोर सुनकर गांव के लोग जुट गए। ग्रामीण जबतक आग पर काबू पाते तबतक दोनों छप्पर जलकर राख हो गए।
सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के भूला गॉव में गुरुवार की रात अज्ञात कारण से आग लगने से गॉव निवासी आरिफ व खालिस के रिहायशी छप्पर जलकर राख हो गए। छप्पर में रखे बैंड बाजा सेट सहित गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया गया। हवा तेज होने के कारण ग्रामीणों को आग बुझाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। किसी तरह आग पर काबू पाया गया। किंतु जब तक लोग आग पर काबू पाते तबतक छप्पर मे रखा अनाज, बैंडबाजा सेट सहित गृहस्थी का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। डोभी संवाददाता के अनुसार चंदवक थाना क्षेत्र के बिसुनपुरवा गांव में चूल्हे की चिंगारी से वीरेंद्र प्रसाद के तीन रिहायशी मड़हे, उसमे ंरखा पांच हजार नकदी, कपड़े, गेंहू, चावल, बिस्तर, बर्तन आदि गृहस्थी के सामान जलकर राख हो गए। फायरब्रिगेड और ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया।