मुंगराबादशाहपुर। जौनपुर-प्रयागाराज मार्ग पर मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के गजराजगंज मोहल्ले के पास गुरुवार को सुबह करीब चार बजे दो ट्रकों की सीधी टक्कर हो गई। जिसमें दोनों ट्रकों के चालक घायल हो गए। टक्कर होने के बाद दोनों ट्रक सड़क पर आड़े तिरछे खड़े हो गए, जिससे आवागमन अवरुद्ध हो गया। कुंभ मेले में प्रयागराज जाने वाले और वहां से लौट रहे श्रद्धालुओं के वाहन जाम में फंस गए। जिससे श्रद्धालुओं को काफी परेशान होना पड़ा। पुलिस ने क्रेन मंगवाकर दोनों ट्रकों को सड़क के किनारे किया तब जाकर दो घंटे बाद यातायात बहाल हो सका।
जौनपुर की ओर से प्रयागराज की तरफ जा रहा ट्रक भोर में करीब चार बजे मुंगराबादशाहपुर कस्बे के गजराजगंज मोहल्ले के पास पहुंचा था, तभी सामने से आ रहे ट्रक से आमने सामने टक्कर हो गई। घटना के वक्त कस्बे में अधिकतर लोग नींद में थे। लेकिन दोनों ट्रकों की टक्कर होने पर तेज आवाज सुनकर लोग भागकर घटना स्थल पर पहुंच गए। लोगों की मदद से दोनों ट्रक चालक देवेन्द्र यादव (40) निवासी आजमगढ़ व बृजेश यादव (42) निवासी आजमगढ़ को किसी तरह बाहर निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां डाक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को छुट्टी दे दी। घटना के बाद जौनपुर इलाहाबाद मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गयी। कुंभ मेला से लौट रहे और मेले में जाने वाले श्रद्धालु जाम में फंसकर परेशान हुए। पुलिस ने ट्रकों को सड़क से हटवाकर दो घंटे बाद सुबह छह बजे यातायात बहाल करा दिया।