बेखौफ बदमाशों ने महराजगंज के एक सराफा कारोबारी से 10 लाख की रंगदारी मांगी है। इससे व्यापारी और उसके परिवार के लोग दहशत में हैं। बदमाशों ने 10 लाख रुपये देने के लिए व्यापारी को 24 घंटे का वक्त दिया है।
व्यापारी की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। एक महीने के भीतर सराफा कारोबारी से रंगदारी मांगने की यह दूसरा घटना है।
इसके पहले भी व्यापारी ने पुलिस से शिकायत की थी लेकिन पुलिस रंगदारी मांगने वालों का पता नहीं लगा सकी। महराजगंज थाना क्षेत्र के दुगौली गांव निवासी सराफा कारोबारी वीरेंद्र सोनी की महराजगंज बाजार में सराफा की दूकान है।
उन्होंने पुलिस को बताया है कि शनिवार की शाम को करीब 8:45 बजे उनके मोबाइल फोन पर इंटरनेट के माध्यम से काल की गई। जिसमें कहा गया कि 24 घंटे के भीतर 10 लाख रुपयों का इंतजाम नहीं किया तो पूरे परिवार को खत्म कर
देंगे। कारोबारी ने रात में ही पुलिस से शिकायत की थी। पुलिस अभी मामले की छानबीन में ही जुटी थी तभी रविवार को 10:50 बजे और 10:57 बजे दो बार काल कर बदमाशों ने 10 लाख रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी दी।
व्यापारी ने थाने पहुंच कर जाममाल की रक्षा की गुहार लगाई। एसओ ओंकार सिंह व्यापारी के घर पहुंचे और भरोसा दिया कि पुलिस उनकी सुरक्षा करेगी और रंगदारी मांगने वाले बदमाश पकड़े जाएंगे। महीने भर के भीतर दूसरी ऐसी घटना से कारोबारी दहशत में हैं।