मछलीशहर। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के खाखोपुर गांव में तीन दिन पहले हुए बवाल को लेकर गांव में तनाव बना हुआ है। इसको देखते हुए यहां बीएसएफ के जवानों की तैनाती कर दी गई है। शनिवार को युवा क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और करणी सेना के लोग भी गांव में मुन्ना सिंह के घर पहुंचे। युवा क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर अवनीश सिंह के नेतृत्व में खाखोपुर बाजार में प्रयागराज-जौनपुर मार्ग जाम किया गया और नाबालिग के खिलाफ दर्ज दलित उत्पीडन का केस वापस लेने की मांग की गई। लोगों ने ग्रामप्रधान श्याम बहादुर गौतम की गिरफ्तारी की भी मांग की। इंस्पेक्टर अनिल सिंह ने ग्राम प्रधान की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया।
खाखोपुर गांव में बुधवार की देर शाम को ग्राम प्रधान श्यामबहादुर गौतम और मुन्ना सिंह के परिवार के बीच लाठी डंडे और ईंट पत्थर चले थे। इस घटना को लेकर अगले दिन गुरुवार को काफी बवाल हुआ था। ग्राम प्रधान की ओर से आए भीम आर्मी के लोगंो ने मारपीट की पथराव किया और एक मकान में तोडफ़ोड़ की थी। इस मामले में पुलिस ने दोनों तरफ से 13 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर 12 को गिरफ्तार कर लिया है। घटना को लेकर गांव में तनाव है। मौके पर क्षत्रिय महासभा और करणी सेना के लोगों के पहुंचने की खुफिया रिपोर्ट पर प्रशासन पहले ही अलर्ट हो गया। शुक्रवार की रात में ही बीएसएफ जवानों की एक कंपनी खाखोपुर में तैनात कर दी गई। बीएसएप के 100 जवान दस दस की टुकड़ी में बैंक, पेट्रोल पंप, बाजार और गांव के चौराहों व तिराहों पर तैनात है। इनके अलावा मडिय़ाहूं. बरसठी, सिकरारा, मछलीशहर व पवारा थाने की भी फोर्स गांव में कैंप कर रही है। युवा क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर अवनीश सिंह एवं प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह के साथ सैकड़ों की संख्या में लोग खाखोपुर गांव पहुंचे थे। करणी सेने के जिलाध्यक्ष विराज ठाकुर भी मुन्ना सिंह के घर पहुंचे। क्षेत्राधिकारी विजय सिंह और जिले से आयी महिला पुलिस कांस्टेबल भी तैनात रही।