महराजगंज(जौनपुर)। क्षेत्र के नाहरपुर गांव की प्रधान उषा दुबे के पति संजय दूबे को मनबढ़ों ने पीटकर घायल कर दिया। आरोप है कि मनबढ़ों ने तमंचे के बट से उसके सिर पर वार कर दिया। जिससे वे घायल हो गए।
ग्राम सभा नाहरपुर में कब्रिस्तान व चकमार्ग कब्जा को लेकर एसडीएम बदलापुर कानूनगो व लेखपाल के साथ पहुंचकर भौतिक सत्यापन किया और समझा बुझाकर वापस लौट आए। इसी दौरान बगल स्थित चाय की दुकान पर बैठे प्रधानपति संजय दुबे व उनके भाई राजीव दूबे व पड़ोस के ओमकार मिश्र, आकाश मिश्र, चंद्रावती कुछ मनबढ़ों ने हमला कर दिया। प्रधानपति को तमंचे के बट से सिर पर प्रहार कर घायल कर दिया। आरोप है कि उनके भाई राजीव के ऊपर खौलता तेल फेंक दिया। जिससे वह झुलस गए। विरोध करने पर ओमकार व महिला की भी पिटाई कर दी। ग्रामीणों की भीड़ जुटता देख मनबढ फरार हो गए। सूचना पर पहुंची 100 नंबर पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है।