मुंगराबादशाहपुर। बेकाबू ट्रक घर में घुसने से तीन की मौत और चार लोगों के घायल होने की घटना के 14 घंटे बाद भी कोई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पीड़ित परिवार का आंसू पोछने नहीं पहुंचा। जिससे गुस्साए गांव के लोगों ने शाम को करीब छह बजे घटना स्थल के पास जौनपुर प्रयागराज मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर पहुंचे तहसीलदार कौशलेंद्र मिश्र ने शासन से आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन दिया तो डेढ़ घंटे बाद साढ़े सात बजे जाम समाप्त हुआ।
पांडेयपुर गांव निवासी दिनेश चंद्र मिश्र के कच्चे मकान में भोर में करीब चार बजे ही बेकाबू ट्रक घुस गया था। जिससे मकान ढह गया और मां बेटी समेत तीन की मौत हो गई जबकि चार लोग प्रयागराज के अस्पताल में भर्ती हैं। शाम तक कोई भी प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे गुस्साए लोगों ने शाम को छह बजे घटना स्थल पर जाम लगा दिया। जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम की सूचना पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी मछलीशहर विजय बहादुर सिंह ने जाम हटवाने की कोशिश की लेकिन लोग नहीं माने। बाद में तहसीलदार के समझाने बुझाने पर लोगों ने जाम समाप्त किया। सीओ विजय बहादुर सिंह ने कहा है कि चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।