बदलापुर (जौनपुर)। जिले के महराजगंज थाने की पुलिस ने एक विवाहिता की शादी उसके नाबालिग प्रेमी से थाने में करा दी। शादी के बाद से ही दोनों लापता हैं। किशोर के पिता ने डीजीपी समेत अन्य पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। आरोप है कि पुलिस ने 21 जनवरी को दोनों की शादी थाने में कराने के बाद यूपी 100 वाहन से दोनों को बदलापुर पहुंचाया था। क्षेत्राधिकारी बदलापुर मामले की जांच कर रहे हैं। एसपी का कहना है कि जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
महराजगंज थाना क्षेत्र के मजीठी गांव निवासी संजय गौतम ने पुलिस महानिदेशक, आईजी वाराणसी जोन, एसपी जौनपुर और सीओ बदलापुर, एसडीएम बदलापुर को दिए गए प्रार्थना पत्र में कहा है कि गांव की विवाहिता 23 वर्षीय सुमन निषाद उनके 14 वर्षीय पुत्र को बहलाकर भगा ले गई थी। तीन चार दिन बाद 21 जनवरी को दोनों लौटकर थाने पहुंचे जहां पुलिस ने दोनों की शादी करा दी। थाने से ही पुलिस ने डायल 100 की गाड़ी से दोनों को बदलापुर पहुंचा दिया। उनका बेटा कहां गया इसकी जानकारी अभी तक नहीं हो सकी है। उन्होंने विवाहिता सुमन के अलावा उसकी सास, ससुर के अलावा शादी कराने वाले पुलिस के लोगों पर भी कार्रवाई की मांग की है। संजय गौतम का दावा है कि पुलिस ने 21 जनवरी को जब थाने में उनके बेटे की शादी कराई उस दिन उसकी उम्र 14 वर्ष 6 माह 11 दिन थी। वह क्षेत्र के सीतला प्रसाद तिलकधारी स्मारक इंटर कालेज इब्राहिमपुर में हाईस्कूल का छात्र है। शिकायती पत्र के साथ उन्होंने प्रधानाचार्य की ओर से जारी जन्मतिथि प्रमाण पत्र को भी संलग्न किया है। जिसमें प्रधानाचार्य ने प्रमाणित करते हुए कहा है कि वह कक्षा 10 का नियमित छात्र है। छात्र पत्रावली स्कालर रजिस्टर बुक संख्या 26- ई क्रम संख्या 59 के अनुसार जन्मतिथि 10 जुलाई 2004 है। हाईस्कूल परीक्षा 2019 की चेक लिस्ट में भी उसका नाम क्रमांक 0048 पर अंकित है।
नाबालिग की शादी थाने में कराने की शिकायत मिली है। सीओ बदलापुर को जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच में जो भी दोषी मिलेगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
दिनेश पाल सिंह
डीआईजी/एसपी जौनपुर