नेवढियां। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर पर गुरुवार को प्रसव के दौरान हुई महिला की मौत से गुस्साए लोगों ने शनिवार को सीएचसी में तोड़फोड़ की। कुर्सी, मेज और शीशे तोड़ दिए। फार्मासिस्ट की लात-घूसों से पिटाई की। परिजनों का आरोप है कि चिकित्सकों की लापरवाही के कारण महिला की मौत हुई। फार्मासिस्ट की तहरीर पर 25 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन कर कर रही है।
नेवढ़िया बाजार निवासी किशन सोनी की पत्नी प्रीती सोनी( 28) को गुरुवार की शाम प्रसव के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर में भर्ती कराया गया था। प्रसव के दौरान महिला ने बेटी को जन्म दिया। प्रसव के बाद प्रीती की हालत बिगड़ने लगी। हालत बिगड़ती देख चिकित्सकों ने गुरुवार की रात करीब सात बजे उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। लेकिन परिजन उसे लेकर किसी दूसरे अस्पताल पहुंचे जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। अब परिजनों का आरोप है कि प्रीती की मौत सीएची पर ही हो गई थी। चिकित्सकों ने गुमराह कर कर उन्हें रेफर कर दिया था। शव का दाहसंस्कार करने के बाद शनिवार को दोपहर करीब एक बजे 25 की संख्या में पहुंचे लोगों ने अस्पताल में तोड़फोड़ की। वहां तैनात फार्मासिस्ट की पिटाई कर कर दी। मृतका के पति किशन सोनी का आरोप है कि चिकित्सकों की लापरवाही के कारण प्रीती की मौत हुई। फार्मासिस्ट प्रदीप पाठक की तहरीर पर नेवढिया पुलिस ने 25 लोगों के खिलाफ मारपीट करने और तोड़फोड करने का मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है।
प्रसव के बाद महिला को ब्लीडिंग होने लगी थी। रक्त की व्यवस्था न होने के कारण उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया था। परिजन उसे इलाज के लिए कहीं और ले गए। शनिवार को करीब 25 की संख्या में पहुंचे लोगों ने अस्पताल में तोड़फोड़ की और फार्मासिस्ट प्रदीप पाठक को मारापीटा।-डा. अंकित शर्मा, प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक रामनगर जौनपुर