सुईथाकला । सरपतहा थाना क्षेत्र के पिपरौल गांव के पास सोमवार की रात एक चिकित्सक से असलहे के बल पर दो हजार रुपये और मोबाइल लूटकर भाग रहे बदमाशों को ग्रामीणों ने पकड़कर पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया।
सरपतहा थाना क्षेत्र के लखनऊ बलिया मार्ग स्थित मयारी गांव निवासी डा. देबी प्रसाद उर्फ पप्पू बिंद सवायन गांव में स्थित अपनी क्लीनिक बंद कर सोमवार की रात में घर लौट रहे थे। वह पिपरौल गांव के पास सड़क के किनारे बाइक खड़ी कर मोबाइल से किसी से बात कर रहे थे। तभी सूरापुर की तरफ से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचे के बल पर उनके पास से मोबाइल और दो हजार रुपये लूट लिया। बदमाश भाग रहे थे तभी पीड़ित के शोर मचाने पर पहुंचे ग्रामीणों घेरकर दोनों को पकड़ लिया। दोनों की पिटाई करने के बाद गांव वालों ने पुलिस को सौंप दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि बदमाशों को असलहे के साथ पकड़े जाने की सूचना के बाद भी पुलिस डेढ़ घंटे बाद मौके पर पहुंची जबकि सरपतहा थाने से घटना स्थल की दूरी महज बीस मिनट की है।