मछलीशहर। क्षेत्र के टेकारडीह गांव के निकट मंगलवार की देर रात तकरीबन नौ बजे वसूली कर लौट रहे दवा कारोबारी की पिटाई कर और उसे पिस्टल से आतंकित कर बदमाशों ने 32 हजार रुपये नगद, मोबाइल, पर्स एटीएम लूटकर फरार हो गए। कारोबारी के बाइक की चाभी भी खेत में फेंक दी। ग्रामीणों की मदद से पीड़ित कारोबारी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस केस दर्ज मामले की जांच में जुटी है।
सिकरारा थाना क्षेत्र कुरनी गांव निवासी संतोष कुमार मौर्य मछलीशहर पुरानी सरकारी अस्पताल के सामने अपना मेडिकल स्टोर चलाने के साथ दवा सप्लाई का व्यवसाय करते हैं। मंगलवार को वह बरसठी थाना क्षेत्र के मियाचक के पास बशहरा बाजार स्थित मेडिकल स्टोर संचालकों से 32 हजार रुपये की वसूली कर अपने एक मित्र सलमान के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। रात करीब नौ बजे के करीब कोतवाली के टेकारडीह गांव के निकट पहुंचे थे कि दो बाइक से छह की संख्या में मुंह बांधे बदमाशों ने उनकी बाइक रोककर उनकी पिटाई शुरू कर दी। उनके पास से वसूली के 32 हजार रुपये नगद, मोबाइल, पर्स व उसमें रखे एटीएम कार्ड लेकर फरार हो गए। उनके बाइक की चाभी निकालकर बगल के खेत मे फेंक दिया। दवा कारोबारी के साथ साथ बाइक पर पीछे बैठा उनका मित्र पिटाई होता देख वहां से भाग कर ग्रामीणों को घटना की सूचना दी। ग्रामीणों की मदद से रात 11 बजे फोन से कोतवाली में लूट की सूचना दी। लूट की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे एसपी ग्रामीण संजय राय, कोतवाल अनिल कुमार सिंह पहुंच गए।