बभनी। छत्तीसगढ़ में हो रहे विधानसभा चुनाव को लेकर सोनभद्र की पुलिस अलर्ट है। बुधवार को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की सीमावर्ती क्षेत्र के रघुनाथ नगर में हुई चुनावी सभा के मद्देनजर जिले की पुलिस ने सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन कांबिंग की। इस दौरान संदिग्धों की तलाशी भी ली गई। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री बुधवार को यूपी तथा छत्तीसगढ़ सीमा के रघुनाथ नगर में चुनावी सभा को संबोधित करने आये थे। इसे लेकर बभनी थाना क्षेत्र के सीमावर्ती शीशटोला, रंपाकुरर, महुआदोहर में पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसके साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों की भी जांच की गई। संदिग्धों पर कड़ी नजर रखी गई। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव में कहीं से भी गडबडी न हो इसके लिए बार्डर पर फोर्स तैनात कर दिया गया है। आसनडीह बार्डर पर भी सघन जांच जारी है। दो सब इंस्पेक्टर और पुलिस के जवान मुस्तैद हैं।