शाहगंज। दादरपुल के निकट सड़क पर बेतरतीब खड़े ट्रकों एवं सड़क पर गड्ढे की वजह से लकड़ी लदा ट्रक पलट गया, जिससे अफरातफरी मच गई। लोगों ने ट्रक का सीसा तोड़कर चालक एवं खलासी को ट्रक से बाहर निकालकर राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया। घटना सोमवार की रात तकरीबन एक बजे रात की है।
ट्रक पर लकड़ी लादकर सुल्तानपुर जनपद के गोसाईंगंज से चालक विमल कुमार व खलासी बशीर अहमद उसे लेकर आजमगढ़ की ओर जा रहे थे। दादरपुल पर पहुंचे जहां चौरसिया मार्बल के गोदाम के समीप तीन ट्रक सड़क पर ही बेतरतीब खड़े थे। इनसे पास लेकर आगे निकलने के दौरान ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गया। जिसकी चपेट में आकर दो विद्युत पोल भी टूटकर धाराशायी हो गए। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। जहां ट्रक में फंसे चालक व खलासी को शीशा तोड़कर बाहर निकाला गया। सूचना पर कोतवाली पुलिस के पहुंचने से पहले ही आड़े-तिरछे खड़े वाहनों को चालक लेकर भाग खड़े हुए।