केराकत। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के डेहरी गांव के पास गुरुवार की रात दो बाइक पर सवार पांच बदमाशों ने हार्वेस्टर मालिक को लूट लिया। बदमाशों ने असलहा सटाकर 16 हजार रुपये व मोबाइल फोन लूटने के बाद बदमाश फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस घटना की छानबीन में जुटी है।
केराकत कोतवाली क्षेत्र के अकबरपुर गांव निवासी शांतनु सिंह हार्वेस्टर चलवाते हैं। वह मुर्की गांव में धान की कटाई का रुपया वसूल कर घर लौट रहे थे। रात में वह करीब साढ़े दस बजे डेहरी गांव में मोड़ के पास पहुंचे थे तभी दो बाइक पर सवार पांच बदमाश पीछे से पहुंचे और शांतनु सिंह की बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया। बदमाशों ने उनकी कनपटी पर असलहा सटाकर जान से मारने की धमकी देते हुए उनकी जेब से रुपये और मोबाइल लूट लिए।