सिकरारा। स्थानीय थाना क्षेत्र के मलसिल गांव में शनविार की रात पशुशाला में मच्छरों से बचाव के लिए सुलगायी गयी कंडी से निकल रहे धुएं में दम घुटने ने से उसमें बंधी तीन भैंस और दो पड़िया की मौत हो गई।
गांव निवासी प्रेम चंद यादव की पत्नी राज कुमारी रोज की तरह पशुओं को चारा पानी देकर शनिवार की शाम सभी मवेशियों को टीन शेड से बने पशु शाला में बांध कर उसमें गोबर के कण्डे सुलग दिया। बाहर से दरवाजा भी बंद कर दिया। भोर में राजकुमारी मवेशियों को बाहर निकालने गई तो देखा पशुशाला में जहरीला धुंआ भरा था। किसी तरह टार्च जलाकर देखा तो सभी मवेशियों की दम घुटने से मौत हो चुकी थी। परिजनों ने बताया कि वहां सुलगाये गए कण्डे के पास ही प्लास्टिक की डिलवरी पाइप रखी गयी थी। कंडी की आग किसी तरह उसको भी पकड़ लिया जिसका जहरीला धुआं जानवरो के लिए काल बन गया। पशुपालक को दो लाख की क्षति हुई है। रविवार को सुबह घटना की सूचना पर पहुंचे लेखपाल राजेश सिंह पशुपालक की क्षति का आकलन कर रिपोर्ट अधिकारियों को भेज दी है।