धर्मापुर। केराकत कोतवाली क्षेत्र के मुरारा गांव के पास सोमवार की रात करीब 10 बजे बाइक की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के बगथरी गांव निवासी प्रमोद सरोज (22) पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था। वह रोज की तरह सोमवार की शाम को भी दौड़ लगा रहा था। सड़क की पटरी पर दौड़ लगाते हुए वह रात करीब दस बजे मुरारा गांव के पास पहुंचा था तभी तेज रफ्तार बाइक सवार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजन उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में उसकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो रात में बाइक में लाइट नहीं जल रही थी जिससे हादसा हुआ। बाइक मौके पर छोड़कर उसपर सवार दो लोग फरार हो गए। चौकी इंचार्ज मुफ़्तीगंज का कहना है कि घटना की सूचना रात में करीब 11 बजे मिली थी। घटना स्थल से बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। बाइक सवार का भी पता लगा लिया गया है।