सतहरियां। मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के मल्लू रायपुर (उकनी) गांव में स्थित रुई कारखाना और अटा चक्की में शार्ट सर्किट से आग लगने से लाखों का सामान जलकर राख हो गया। फायर ब्रिगेज की मदद से आग पर काबू पाया गया।
मल्लूरायपुर गांव निवासी मो सलीम की गांव में रुई धुनने का कारखाना और आटा चक्की चलाते हैं। रात में कारखाना बंद कर वह यहां से सौ मीटर दूर अपने आवास पर चले गए थे। कारखाने में बड़े पैमाने पर अपने अलावा व्यापारियों के रुई धुनने तथा रजाई, गद्दा तैयार करने का काम होता था। इसी कारखाने में उनकी आटा चक्की भी है। सोमवार की रात में अचानक शार्ट से आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थी कि छत पर लगा सीमेंट का चादर तथा दिवाल धराशाई हो गई। ग्रामीण आग बुझाने की कोशिश किए लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थी कि वहां तक पानी पहुंचाने के लिए उनके पास कोई संसाधन ही नहीं था। पंपसेट चलाया गया लेकिन उससे भी कामयाबी नहीं मिली। सूचना पर पहुंचे फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया लेकिन तबतक रूई धुनने की मशीन, आटा चक्की, इनवर्टर बैट्री, करीब दो कुंतल गेहूं, रूई, सिलाई कर तैयार गद्दा, रजाई समेत लाखों का माल जलकर राख हो गया। पीड़ित के मुताबिक छह लाख से अधिक का नुकसान हुआ है।