जौनपुर। पालीटेक्निक चौराहे पर तीन दिन पहले कार और ई रिक्शा की टक्कर के बाद हुई मारपीट का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। रविवार को सैकड़ों लोगों ने एसपी आवास का घेराव कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। उधर कैबिनेट मंत्री प्रो. रीता बहुगुणा जोशी ने अधिकारियों से इस मामले में कारोबारी आईबी सिंह के खिलाफ केस दर्ज किये जाने पर नाराजगी जताया।
कोतवाली थाना क्षेत्र के पालीटेक्निक चौराहे पर 11 अक्तूबर को कार एवं ई रिक्शा के बीच टक्कर हो गई थी। कार सवार लोगों ने विरोध जताया तो ई रिक्शा चालक के पक्ष में कई लोग आ गए और कार सवारों से मारपीट की। थोड़ी देर बाद कार सवार निर्मेश सिंह के पक्ष में लोग आ गए और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। निर्मेश ने चेन लूटने, मारने-पीटने का केस दर्ज कराया। इसके विरोध में दूसरे पक्ष के लोगों ने एसपी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इसके बाद उमरपुर निवासी निर्मला देवी पत्नी चंद्रमोहन की तहरीर पर पुलिस ने निर्मेश सिंह उनके पिता आईबी सिंह उनके गनर सहित चार लोगों के खिलाफ पुलिस ने दलित उत्पीड़न के तहत केस दर्ज कर लिया। इसके विरोध में इलेक्ट्रानिक मीडिया के प्रतिनिधिमंडल ने एसपी से मुलाकात कर कारोबारी आईबी सिंह के खिलाफ केस दर्ज किये जाने पर विरोध जताया। सैकड़ों लोगों ने निर्मला देवी अपने साथ महिलाओं एवं अन्य लोगों को लेकर एसपी आवास का घेराव कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए पत्रक सौंपा।