जौनपुर। जिले के अलग अलग थाना क्षेत्रों में गुरुवार की रात मेडिकल स्टोर, जनरल स्टोर, इलेक्ट्रिक और टेंट हाउस से चोरों ने नकदी समेत करीब पौने तीन लाख का माल पार कर दिया। सूचना पाकर पुलिस और डाग स्क्वाड टीम ने घटना की छानबीन की।
बरसठी प्रतिनिधि के अनुसार परियत बाजार में मिथिलेश सोनकर का मेडिकल स्टोर और जनरल स्टोर है। सुबह सात बजे जब दुकानदार दुकान पर पहुंचे तो काउंटर में रखा डेढ़ लाख रुपये नकद और जनरल स्टोर से करीब 50 हजार का माल गायब था। पीड़ित मिथिलेश ने बताया कि पिकअप खरीदने के लिए डेढ़ लाख रुपये दुकान के कैश काउंटर में रखा था। रुपये और पचास हजार का माल गायब है। चोर पीछे का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे थे।
महराजगंज प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के गांधीनगर बाजार में स्थित मेडिकल एजेंसी का शटर का ताला तोड़कर पचास हजार रुपया चोरों ने पार कर दिया। स्थानीय बाजार निवासी विनोद जायसवाल की बाजार में मेडिकल एजेंसी है। चोरों ने दुकान के बाहर जल रही सोलर लाइट पर कपड़ा डाल दिया, जिससे अंधेरा हो गया। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की दिशा घुमाकर छत की तरफ कर दी और काउंटर में रखा पचास हजार रुपये लेते गए।
धर्मापुर प्रतिनिधि के अनुसार गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के शिवनगर बाजार में मेहौड़ा गांव निवासी चन्द्रप्रकाश यादव की इलेक्ट्रिक और गोरख यादव का टेंट हाउस है। चोर दुकान की छत की पटिया काटकर अंदर घुसे। इलेक्ट्रिक की दुकान से करीब 15 हजार रुपये का माल और गोरख यादव के टेंट हाउस से हजारों रुपये मूल्य के बर्तन आदि ले गए। शिवनगर बाजार में एक महीने के अंदर चोरी की दूसरी और एक साल के अंदर चोरी की दसवीं घटना है। चोरी की सभी वारदात छत काटकर हुई है। पुलिस किसी एक भी घटना का खुलासा नहीं कर सकी है।