दुबिहा(गाजीपुर)। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के कामूपुर गांव में एक युवती ने कमरे की छत के हुक में साड़ी का फंदा बनाकर फांसी पर लटककर आत्महत्या कर ली। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली।
कामूपुर गांव निवासी राजेंद्र गुप्ता की पुत्री प्रीति (18) रोज की तरह शनिवार की शाम को भी घर पर थी। उसके पिता बाजार में गए हुए थे, जबकि मां गांव में किसी के घर गई थी। रात करीब आठ बजे मां लौटी तो मकान के निचले हिस्से में प्रीति के न दिखाई देने पर वह ऊपर कमरे में पहुंची। जहां देखा कि प्रीति कमरे के छत की हुक से दुपट्टा के सहारे लटकी हुई थी। शोर सुनकर पास-पड़ोस के लोग भी वहां पहुंच गए। लोगों ने घटना की जानकारी पिता राजेंद्र को दी। कुछ ही देर में वह बाजार से घर आ गए। परिवारी जनों का विलाप देख लोग सांत्वना देने में जुटे रहे। इसी दौरान किसी ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। एसआई पवन सिंह पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और परिवार वालों से पूछताछ की। रविवार की सुबह तहसीलदार मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पिता के अनुसार लगभग दो वर्ष पूर्व मृतका प्रीति के शरीर पर लकवा का असर हो गया था। इसको लेकर वह काफी परेशान रहती थी। उसका उपचार चल रहा था, लेकिन आराम नहीं मिल रहा था। शायद इसी परेशानी की वजह से उसने ऐसा कदम उठाया हो।