मडियाहूं। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के उंचनी गांव के निकट सई नदी पुल के पास बुधवार को दोपहर ट्रक की चपेट में आने से साइकल पर सवार तीन वर्ष की बालिका की मौत हो गई जबकि पति पत्नी घायल हो गए।
जलालपुर थाना क्षेत्र के नत्थनपुर (रामदत्तपुर) गांव निवासी बृजेश गौतम की पत्नी सुनीती अपने भाई को राखी बांधने के लिए रक्षा बंधन के दिन अपने मायके मडिय़ाहूं कोतवाली क्षेत्र के ताजुद्दीनपुर गांव आई थी।
बुधवार को बृजेश अपनी पत्नी सुनीती (25) और बेटी शिवांगी (03) को साइकल पर बैठाकर घर लौट रहा था। वे उंचनी गांव के पास सई नदी पुल पर पहुंचे थे तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए। तीनों सड़क पर गिर पड़े। शिवांगी की मौके पर मौत हो गई जबकि सुनीता और उसका पति बृजेश दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। ट्रक का पहिया सुनीता के दोनों पैरों के ऊपर से गुजर गया जिससे उसके दोनों पैर गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेज दिया गया। जबकि तीन वर्ष की बच्ची शिवांगी के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर हादसे के बाद भाग रहे ट्रक को स्थानीय लोगों ने पीछा कर रमदयालगंज के पास रोक लिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।