खेतासराय। ऑगुरैनी चौकिया गांव में गुरुवार की रात पिकअप पर भैंस लादने का विरोध करने पर तस्करों ने पथराव कर दिया। पशु तस्करों के पथराव में एक महिला घायल हो गई। शोर मचा तो ग्रामीणों ने तस्करों का पीछा किया। इस दौरान तीन आरोपियों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
गुरैनी चौकिया गांव निवासी लालमन यादव के घर के सामने बंधी भैंस आधी रात को पिकअप गैंग के सदस्य खूंटे से खोलकर गाड़ी पर लाद रहे थे। एक भैंस को गाड़ी में लाद चुके थे। दूसरी लाद रहे थे तभी परिवार की एक महिला की नींद टूट गई। महिला शोर मचाते हुए गाड़ी की तरफ दौड़ी तो पशु तस्करों ने पथराव कर दिया। जिसकी चपेट में आने से लालमन की मां निर्मला देवी घायल हो गई। शोर सुनकर गांव के लोग दौड़े तो एक भैंस को सड़क पर ही छोड़कर पिकअप लेकर तस्कर फरार हो गए। ग्रामीण तस्करों का पीछा कर रहे थे तभी सड़क से होकर पैदल जा रहे तीन संदिग्धों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। थानाध्यक्ष जगदीश कुशवाहा का कहना है कि तीनों संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।