जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना द्वारा रविवार को रविवार को एक 17 वर्षीय किशोर को न्यायालय बाल कल्याण समिति जौनपुर के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इस दौरान एचजी विनोद कुमार मौर्य व विनोद कुमार यादव ने बताया कि बालक लावारिस स्थिति में टहल रहा था। ग्रामीणों की सूचना पर डायल 100 नंबर की पुलिस बच्चे को थाने पर ले आई। बाल कल्याण समिति जौनपुर के अध्यक्ष अनिल कुमार यादव ने कहा कि थानाध्यक्ष मुंगराबादशाहपुर ने बताया कि बालक अपना नाम व पता नहीं बता पा रहा है। देखने में मंद बुद्धि लग रहा है। बच्चे का स्वास्थ्य परीक्षण कराने और समिति के समक्ष बालक को प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। बाल कल्याण समिति के सदस्य आनन्द प्रेमघन सरोज व सदस्य ममता श्रीवास्तव ने बालक से नाम पता जानने का काफी प्रयास किया लेकिन वह कुछ बता नहीं पा रहा था। बालक को राजकीय बालगृह (बालक) रामनगर वाराणसी में संरक्षण हेतु आदेश पारित कर दिया गया है।
बक्शा। स्थानीय थाना क्षेत्र के धनियांमऊ बाजार में रविवार की रात एक घर में घुसकर चोरों ने नकदी व जेवरात समेत दो लाख से अधिक का माल पार कर दिया। सुबह चोरी का पता चलने पर पीड़त ने पुलिस को तहरीर दी है। धनियामऊ बाजार निवासी शांतिभूषण मिश्र और उनके परिवार के लोग बरामदे में सो रहे थे। रात में चोर घर के पीछे से दीवार फांदकर आंदर आए और कमरे का ताला तोड़कर 80 हजार नकदी और जेवरात समेत दो लाख से अधिक माल उठा ले गए। घर में लगे सीसीटीवी फुटेज में तीन चोरों का चेहरा कैद हो गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के सहारे चोरों का पता रही है।
सुईथाकला। सरपतहा थाना क्षेत्र के जैनपुर गांव में रविवार की रात मां के साथ विस्तर पर सो रहे छह माह के बच्चे को लेकर भाग रहे चोर को ग्रामीणों ने दौड़ाया तो वह बच्चे को छोड़कर फरार हो गया। सुल्तानपुर जिले के करौदी थाना क्षेत्र के बूड़ापुर गांव निवासी इरफान की पत्नी सबीना अपने मायके जैनपुर गांव में आई है। वह रात में वह घर के बाहर अपने छह माह के बच्ची के साथ चारपाई पर सो रही थी। करीब 11:30 बजे रात को कोई उसके बिस्तर के पास आया और बच्ची को उठाकर भागने लगा। सबीना ने शोर मचाया तो परिवार और गांव के लोगों ने उसे दौड़ा लिया। ग्रामीणों से घिरता देख वह बच्ची को रास्ते में छोड़कर फरार हो गया। ऋ
सतहरिया। मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के रामचौकी गांव में रविवार की देर शाम रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई जिसमें आठ लोग घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया जहां एक महिला की हालत नाजुक देख डाक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
दोनों तरफ से जमकर चले लाठी डंडे से एक पक्ष से सुखराज बिंद, (56), रत्ना देवी (50), इन्द्रजीत (07) पुत्र सुखराज, अनारा देवी(40) पत्नी पंधारी लाल, राकेश (19) पुत्र भोलई तथा दूसरे पक्ष से अशोक कुमार प्रजापति (35), रामअधार (70), सुदामा कुमारी(16) पुत्री केदारनाथ शामिल हैं। अनारा देवी की हालत गंभीर देख पीएचसी से डाक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दोनों पक्षों से पुलिस को तहरीर दी गई है।
रामपुर । स्थानीय थाना क्षेत्र के भानापुर गांव निवासी वीरेंद्र बहादुर सिंह के बैंक खाते से जालसाजों ने तीस हजार रुपये उड़ा दिए। वह सोमवार को बैंक से रुपये निकालने पहुंचे तो उन्हें रुपये गायब होने की जानकारी हुई।
पीड़ित ने बैंक शाखा प्रबंधक से इस बात की शिकायत की तो शाखा प्रबंधक ने छानबीन की। पता चला कि तीन बार में एटीएम से पैसा अलग अलग स्थानों से निकाला गया है। पीड़ित खाताधारक ने बताया कि उसका एटीएम उसके पास में ही है। उसने किसी को एटीएम दिया भी नहीं है। उसने पुलिस को भी तहरीर दी है।