सुजानगंज। स्थानीय थाना क्षेत्र के सरायभोगी गांव में गुरुवार को एक मकान में अबूझहाल में आग लग गई। झुलसकर एक वृद्ध की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घर में आग लगने का कारण पता नहीं चल सका। घटना के वक्त घर में सिर्फ पति पत्नी मौजूद थे।
सरायभोगी गांव निवासी रूपलाल जायसवाल (70) घर पर नमकीन बनाने और बेचने का व्यवसाय करते हैं। उनके पास पांच बेटे हैं। तीन बेटे रोजी रोटी के सिलसिले में कोलकाता में रहते हैं। दो बेटे कांवर लेकर जलाभिषेक के लिए बाबा धाम गए हैं। गुरुवार की रात में घर में सिर्फ रूपलाल और उनकी पत्नी सुशीला देवी (68) मौजूद थीं। रात में करीब 10 बजे सुशीला बरामदे में सो रही थी। रूपलाल किसी काम से कमरे में गए थे। अचानक कमरे में आग लग गई। अंदर पति की चीख पुकार सुनकर सुशीला ने भी शोर मचाया। आसपास के लोग जुट गए। ग्रामीणों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया गया। आग बुझाकर लोगों ने रूपलाल को बाहर निकाला तो उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड भी पहुंचा लेकिन तब तक कमरे में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया था। सुशीला के मुताबिक उनको नहीं पता कि आग किन परिस्थितियों में लगी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।