जफराबाद। जलालपुर थाना क्षेत्र के हौज मुरारपुर गांव में बुधवार की रात हथियारबंद बदमाशों ने एक घर पर धावा बोलकर परिवार के सदस्यों को दो कमरों में बंद कर दिया और सवा लाख के जेवरात व 35 हजार रुपये नकदी लूटकर फरार हो गए। परिवार की दो बेटियां लुटेरों से भिड़ गई। जिससे तीसरा बाक्स छोड़कर बदमाश फरार हो गए। सूचना के एक घंटे बाद पहुंची पुलिस छानबीन कर लौट गई।
हौज मुरारपुर गांव निवासी राम सागर चौहान के परिवार के लोग रात में सो रहे थे। करीब ढाई बजे रात छह की संख्या में हथियार बंद बदमाश बाउंड्री फांदकर अंदर घुसे। सभी कपड़े से मुंह को ढंके हुए थे। रामसागर उनकी पत्नी तथा उनका 12 वर्ष का बेटा जिस कमरे में सोए थे उस कमरे का दरवाजा बदमाशों ने बाहर से बंद कर दिया। उनकी पांच बेटियां दूसरे कमरे में सो रही थी उस कमरे को भी बाहर से बंद कर दिया। बदमाश तीूसरे कमरे में प्रवेश किए तो वहां रामसागर की दो बेटियां अनु (17) और कीर्ति (20) सो रही थीं। कमरे में रखा दो बाक्स तोड़कर उसमें रखे जेवरात व नकदी से भरा दो बाक्स बाहर निकाल लिया। तीसरे बाक्स को बदमाश निकाल रहे थे तभी अनु की नींद टूट गई। उसने कमरे में नकाबपोश बदमाशों को देख शोर मचाया तो बड़ी बहन कीर्ति की भी नींद टूट गई। दोनों बदमाशों से भिड़ गई। बदमाशों ने चाकू की नोंकपर दोनों की जुबान बंद कराने की कोशिश की लेकिन दोनों बहने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाती रही। शोर सुनकर बगल के कमरे में सो रही उनकी अन्य बहनें और माता पिता बाहर निकलने की कोशिश किए लेकिन उनका दरवाजा बाहर से बंद था। उन सभी ने भी अंदर से शोर मचाया दो बदमाश फरार हो गए। दोनों बहनें बदमाशों का पीछा कर बाहर तक गई। एक बदमाश के हाथ से नुकीला पेंचकस बहादुर बेटियों ने छीन लिया। बदमाश दो बाक्स लेकर फरार हो गए। दोनों बेटियां लौटकर वापस घर पहुंची तो परिजनों के कमरे का दरवाजा बाहर से खोला तो लोग बाहर निकले। उस वक्त साढ़े तीन बज रहे थे। रामसागर ने डायल 100 को सूचना दी। एक घंटे बाद साढ़े चार बजे पुलिस पहुंची और महज पांच मिनट में ही यह कहकर लौट गई कि इसकी सूचना वे थाने को दे देंगे। सुबह छह बजे थाने दो सिपाही पहुंचे तो थाने आकर तहरीर देने की बात कहकर लौट गए। राम सागर ने बताया कि उनकी शादीशुदा बेटी इस समय ससुराल से मायके आई है। बेटी के सवा लाख के जेवरात, कपड़े और उनके बाक्स से 35 हजार नकद लूटकर बदमाश फरार हो गए। इस मामले में प्रभारी सीओ नृपेंद्र का कहना है कि रामसागर की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर पुलिस घटना की छानबीन में जुट गई है। शीघ्र ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।