बरईपार। मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के वारी गांव निवासी युवक की रविवार को प्रतापगढ़ जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के तेना टेटुआ मोड़ के पास हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। वह अपने साथी को परीक्षा दिलाने के लिए कार से लिवाकर लखनऊ जा रहा था। जौनपुर बरेली हाईवे पर बेकाबू कार पोल से टकराकर पलट गई। जिससे हादसा हुआ।
मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के वारी गांव निवासी दिनेश का बेटा सूरज (28) टीडी कालेज में एमकाम का छात्र था। सूरज के दो साथियों की एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती की परीक्षा लखनऊ में होनी थी। वह अपने साथी सिकरारा थाना क्षेत्र के सिरसी गाव निवासी अशोक तिवारी की स्विफ्ट डिजायर कार में सवार होकर साथियों के साथ भोर में चार बेजे ही लखनऊ के लिए निकला था। वे घर से जब निकले थे तो उस वक्त कार का चालक जफराबाद थाना क्षेत्र के जमैथा गांव निवासी विंदेश यादव चला रहा था। हादसा होने से करीब दस मिनट पहले ही सूरज ने कार चालक विंदेश को हटाकर खुद कार चलाने लगा था। कार लालगंज थाना क्षेत्र के तेना टेटुआ मोड़ के पास पहुंची थी तभी अनियंत्रित होकर पोल से टकराकर पलट गई। आस पास के लोगों की मदद से सभी को कार से बाहर निकाला गया। कार में सूरज के अलावा बक्शा थाना क्षेत्र के हैदरपुर निवासी आशीष सिंह, मुंगराबादशाहपुर के गोधुआं निवासी शैलेंद्र सिंह और जमैथा निवासी विंदेश यादव घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज पहुंचाया। जहां डाक्टर ने सूरज को मृत घोषित कर दिया। जबकि तीनों क भर्ती कराया गया है। सूरज अपने दो भाइयों में सबसे छोटा था।