बदलापुर / घनश्यामपुर। बदलापुर थाना क्षेत्र के बनगांव पट्टी में पीली नदी के किनारे झाड़ी में शनिवार को एक 35 वर्षीय महिला नग्न और बेहोशी की हालत में मिली। ग्रामीणों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बदलापुर में भर्ती कराया गया है। महिला के साथ कोई हादसा हुआ है या इस संबंध में डाक्टर भी कुछ नहीं बता पा रहे हैं। बदलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डा. एसपी वर्मा का कहना है कि महिला के खून की जांच से पता चला है कि वह एचआईवी पाजिटिव है। पुलिस को मेमो भेजा गया लेकिन पुलिस ने मेमो लेने से इनकार कर दिया।
बनगांव पट्टी गांव के कुछ चरवाहे सुबह करीब 11 बजे मवेशियों को लेकर पीली नदी के किनारे पहुंचे तो वहां झाड़ में नग्न अवस्था में अचेत महिला को देख शोर मचाया। महिला के सभी कपड़े बगल में रखे हुए थे। और वह बेसुध पड़ी थी। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। गांव की महिलाओं ने उसे कपड़े पहनाए। ग्रामीणों ने उसे चारपाई पर लिटाया और वहां से सड़क पर लाया। ग्रामप्रधान राम मिलन यादव ने एंबुलेंस से उसे बदलापुर सीएचसी पहुंचाया। महिला होश में आने के बाद भी अपना नाम पता नहीं बता पा रही है। चिकित्सा अधीक्षक डा. एसपी वर्मा का कहना है कि महिला के साथ कोई हादसा हुआ है या नहीं इसे बताने के लिए वह अधिकृत नहीं हैं। इसके लिए महिला को जिला अस्पताल भेजना होगा लेकिन यह काम पुलिस का है। उन्होंने पुलिस को मेमो भेजा था लेकिन पुलिस ने मेमो लेने से इनकार कर दिया। इस संबंध में एसपी केके चौधरी ने ऐसी किसी घटना से अनभिज्ञता जताई है।