जफराबाद। स्थानीय थाना क्षेत्र के खोजनपुर गांव में आम तोड़ते समय शनिवार को पेड़ से गिरकर श्रमिक की मौत हो गई। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने दो के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
जफराबाद थाना क्षेत्र के इमलो गांव निवासी 32 वर्षीय हरिश्चन्द बिंद हर सीजन में पेड़ से फल तोडने का काम करता था। शनिवार को खोजनपुर गांव निवासी एक व्यक्ति आम तोड़ने के लिए उसे अपने बगीचे में बुलाया था। आम तोड़ते समय ही हरिश्चंद्र पेड़ से गिर कर घायल हो गया। आम तोड़वा रहे बगीचे के मालिक उसे अस्पताल ले जाने से पहले थाने पर ले जाना जरूरी समझा। समाधान दिवस होने के चलते थाने पर काफी भीड़ थी। वह थाने के बाहर ही घायल को तड़पता छोड़ फरार हो गया। बाहर तड़प रहे मजदूर की सूचना किसी ने थानेदार को दी तो उन्होंने जिला अस्पताल पहुंचा दिया। हालत गंभीर देख जिला अस्पताल से उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया। वाराणसी ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतक हरिश्चन्द के बड़े भाई रामचन्द्र बिंद की तहरीर पर खोजनपुर गांव निवासी दो लोगों के खिलाफ पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया है।