बेरुआरबारी। सुखपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सूर्यपुरा दलित बस्ती में सोमवार दोपहर करीब दो बजे लगी भीषण आग से चार बकरियों सहित तीन परिवारों के लोगों के शरीर का कपड़ा छोड़ लाखों रुपये का समान जल कर राख हो गया। ग्रामीणों के अथक प्रयास से घंटे बाद किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका। वहीं, सूचना देने के बाद भी अग्निशमन दस्ते की गाड़ी घटनास्थल तक नही आने से ग्रामीणों में आक्रोश दिखा।
थाना क्षेत्र के सूर्यपुरा गांव निवासी विनोद राम के घर में अज्ञात कारणों से दोपहर दो बजे के करीब आग लग गयी। उस वक्त उस मोहल्ले से सभी महिलाएं व अधिकतर पुरुष वर्ग मुंडन संस्कार में बलिया गंगा घाट पर गए थे। तब तक आग से बगल के गुलाब राम, दरोगा राम के भी फूस के घरों को अपनी आगोश में ले लिया। इससे इन तीन परिवारों का घर के अंदर रखा गेंहू, कपड़ा, बर्तन, चौकी, चारपाई, साइकिल, ड्रम, बक्सा, भूसा आदि घर गृहस्थी के समान सहित लाखों रुपये का समान जल कर राख हो गया। वहीं, घर के अंदर चार बकरियां भी जिंदा जल मरीं। ग्रामीणों ने उन्हें बचाने के लिए काफी प्रयास किया लेकिन आग की तेज लपटों के बीच किसी की एक न चली। इस आग में इन तीन परिवारों का तन का कपड़ा छोड़ सब कुछ जल कर राख हो गया। ग्राम प्रधान चंद्रभूषण सिंह ने पीडि़त परिवारों को शासन से तत्काल सहायता देने की मांग की हैं।