जौनपुर। महराजगंज क्षेत्र के नाहरपुर पेट्रोल पंप के पास मंगलवार की रात एक टाटा मैजिक चालक की पिटाई कर उसे जिंदा जलाने की कोशिश की गई। मनबढ़ों ने पहले चालक पिटाई की। उसके बाद वाहन में बैठाकर लाक लगा दिया और पेट्रोल छिड़कर गाड़ी फूंक दी। पेट्रोल पंप पर तैनात कर्मचारियों ने किसी तरह चालक को बाहर निकाला। पीड़ित की तहरीर पर ब्लाक के कंप्यूटर आपरेटर मनोज सिंह और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
राजपुर रुखार गांव निवासी कमलेश यादव (34) पड़ाव से राजाबाजार तक टाटा मैजिक से सवारी ढोता है। मंगलवार की रात साढ़े दस बजे के करीब वह घर जा रहे थे। नाहरपुर गांव के पास सिल्वर रंग की इनोवा कार और बाइक पर सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर मैजिक को रोक लिया। दो बदमाश गाड़ी में सवार हो गए। खतरा भांपकर कमलेश ने गाड़ी आगे बढ़ा दी। चलती गाड़ी में ही बदमाश उसे मारने लगे। तब तक वह पेट्रोल पंप के पास पहुंच गया और उसने गाड़ी रोक दी। बदमाशों ने उसे बाहर खींच लिया और लोहे की राड से मारकर घायल कर दिया। उसके बाद मैजिक में बैठकर गेट लाक कर दिया और पीछे की सीट पर पेट्रोल डालकर गाड़ी में आग लगा दी। शोर सुनकर पेट्रोल पंप के कर्मचारी पहुंचे तो बदमाश फरार हो गए। आरोप है कि भागते समय बदमाशों ने हवा में तीन राउंड फायरिंग भी की। स्थानीय लोगों ने चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बदलापुर पहुंचाया। हालत नाजुक देख उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मारपीट का कारण एक दिन पहले हुआ विवाद बताया जा रहा है। सोमवार की शाम को राजाबाजार रोड पर महराजगंज में एक बच्ची जीप की चपेट में आकर घायल हो गई थी। कमलेश घायल बच्ची को अस्पताल ले गया और इलाज कराकर लौटा था। इस बीच चालक जीप लेकर भाग गया था। कमलेश ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि जीप ब्लाक के कर्मचारी मनोज सिंह के रिश्तेदार की थी। कमलेश इस बारे में मनोज से पूछने गया तो दोनों में कहासुनी हुई थी।