जिले में अलग अलग हुए सड़क हादसों में महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बरसठी थाना क्षेत्र के कटवार बाजार के पास बस की चपेट में आने से महिला की मौत से गुस्साए लोगों ने निगोह तिराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया। पुलिस ने चालक के खिलाफ केस दर्ज करने का आश्वासन देकर जाम समाप्त करवाया।
बरसठी प्रतिनिधि के अनुसार निगोह बाजार निवासी फूलपत्ती देवी (65) निगोह से प्राइवेट बस में किसी काम से कटवार बाजार जा रही थी। कटवार पहुंचने पर महिला बस से उतर रही थी तभी चालक ने बस को आगे बढ़ा दिया। महिला गिर गई और उसका पैर बस के पहिए से कुचल गया। सिर में भी गंभीर चोट आई। महिला को चिकित्सालय ले जाया गया जहां से उसे भदोही रेफर कर दिया गया। भदोही में उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। शव आने के बाद निगोह तिराहे पर रखकर लोगों ने जाम लगा दिया। उधर पुलिस को पता चला कि ड्राइवर बस को जरौना के पास छोड़कर भाग गया। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया। चालक के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर पुलिस ने जाम समाप्त करवाया। उधर खेतासराय कस्बा निवासी आनंद कुमार (42) किसी काम से बुधवार की रात जौनपुर आए थे। लौटते समय बाइक से मोहम्मद हसन इंटर कालेज के पास पहुंचे थे, तभी किसी चार पहिया वाहन की चपेट में आकर घायल हो गए। जिला अस्पताल से वाराणसी रेफर कर दिया गया। वाराणसी ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
करंजाकला प्रतिनिधि के अनुसार गुरुवार को खेतासराय में गाजी मियां के मेला में शामिल होकर लोग आटो रिक्शा से जौनपुर की और आ रहे थे। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के तरसावा मोड़ के पास पहुंचे थे, तभी पीछे से आ रही पिकअप से आटो की टक्कर हो गई। आटो में सवार दीपक (38) निवासी लखनपुर, बानो (42), सपना बानों (5), किस्मतुल (24), साकिया (14) और एक आठ माह की बच्ची घायल हो गई। सभी लाइनबाजार थाना क्षेत्र के पांडेपुर के निवासी हैं। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बदलापुर प्रतिनिधि के अनुसार शाहपुर गांव के पास बटाऊबीर जाने वाले राजमार्ग पर किसी अज्ञात चार पहिया वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार बघाड़ीकला निवासी रामकृपाल सिंह (65) गंभीर रूप से घायल हो गए । सीएचसी से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।