जौनपुर। केराकत ब्लाक मुख्यालय के निकट प्रिटिंग प्रेस के सामने खड़ी बाइक की डिकी तोड़कर उचक्कों ने 1.40 लाख रुपये उड़ा दिए। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी है। केराकत कोतवाली पुलिस ऐसी किसी घटना से अनभिज्ञता जताई है।
केराकत कोतवाली क्षेत्र के मुर्की गांव निवासी जनार्दन बेटी की शादी के लिए रुपये निकालने पत्नी के साथ बैंक से गए थे। उन्होंने यूनियन बैंक से एक लाख और स्टेट बैंक की केराकत शाखा से 40 हजार रुपये निकाले। रुपयों को आधार कार्ड, पैनकार्ड के साथ पालीथिन में रखकर बाइक की डिकी में रख लिया और घर के लिए चल दिए। रास्ते में ब्लाक मुख्यालय के निकट प्रिंटिंग प्रेस के सामने बाइक खड़ी कर वह शादी का कार्ड लेने गए। करीब दस मिनट बाद वह लौटकर बाइक के पास आए तो देखा डिकी टूटी थी और थैली गायब हो गई थी। उन्होेंने शोर मचाना शुरू कर दिया। मौके पर भीड़ जमा हो गई। उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की लेकिन उचक्कों का कहीं कुछ पता नहीं चला। हालांकि केराकत कोतवाल शशिभूषण राय ने ऐसी किसी भी घटना से अनभिज्ञता जताई है।