धर्मापुर। थाना क्षेत्र के गजना गांव की दलित बस्ती के पास स्थापित डा. भीम राव आंबेडकर की प्रतिमा गुरुवार की रात में अराजक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दी। शुक्रवार की सुबह घटना की जानकारी होते ही गांव में तनाव जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने और यहां नई प्रतिमा स्थापित करने का भरोसा दिया तो लोगों का गुस्सा शांत हुआ।
गजना गांव की दलित बस्ती में स्थापित डा. भीम राव आंबेडकर की प्रतिमा इसके पहले भी दो बार टूट चुकी है। शुक्रवार को सुबह गांव के लोग घर से बाहर निकले तो देखा डा. आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त थी। थोड़ी ही देर में यह सूचना पूरे इलाके में फैल गई। ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारे भी लगाए। सूचना पर सीओ केराकत दुर्गविजय सिंह, थानाध्यक्ष गौराबादशाहपुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने नई मूर्ति लगवाने का आश्वासन दिया और मूर्ति तोड़ने वालों का पता लगाकर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों के गुस्से को शांत कराया। पुलिस ने ग्राम प्रधान और कुछ अन्य लोगों की मदद से 12 हजार रुपये का इंतजाम कराकर नई प्रतिमा स्थापित करा दी। मूर्ति तोडने की सूचना पर दीपचंद राम, राकेश विश्वकर्मा, सुजीत जायसवाल समेत बसपा, भाजपा के कई कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। सीओ दुर्गविजय सिंह ने बताया कि गजना गांव निवासी सुभाष की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मूर्ति क्षतिग्रस्त करने वालों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।