जौनपुर। भाई की मौत की खबर सुनकर आजमगढ़ में तैनात डिप्टी सीएमओ डा. चौथीराम और उनके परिवार के सदस्य मंगलवार को रोते हुए जंगई स्टेशन पहुंचे थे। स्टेशन के निकट ट्रैक के किनारे मिले शव की शिनाख्त के लिए पुलिस ने उनको बुलाया था। परिवार वालों ने शव को देखने के बाद उसकी पहचान नहीं की। तभी सूचना मिली कि उनका भाई अपने घर पहुंच गया है। यह सब गड़बड़ी मोबाइल पर आई एक कॉल के चलते हुई थी।
मऊ जिले के सरायलखंसी थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव निवासी बजरंगी यादव समीक्षा अधिकारी की परीक्षा देने इलाहाबाद गया था। उसने बताया कि सोमवार रात दस बजे प्रयाग से गाजीपुर जा रही सवारी गाड़ी में सवार हुआ। जंघई में एक उचक्का उसका मोबाइल छीनकर चलती ट्रेन से कूद गया। बजरंगी मोबाइल चोरी की सूचना किसी को नहीं दी। वह अपनी सीट पर सो गया। सुबह जंघई-वाराणसी रुट पर गेट संख्या 50 सी के गेटमैन ने ट्रैक के किनारे शव होने की सूचना आरपीएफ को दी। आरपीएफ पड़ताल कर ही रही थी कि मृतक के पास से बरामद मोबाइल पर कॉल आई। फोन घर से आया था। सिपाही ने घटना की सूचना दी। बजरंगी के भाई चौथीराम आजमगढ़ में सीएमओ हैं। वह परिवार के सदस्यों के साथ मौके पर पहुंचे। शव को देखते हुए उन्होंने कहा कि यह बजरंगी नहीं है। उसी समय बजरंगी का फोन आया। उसने फोन छीनने की बात बताई।