सिंगरामऊ। क्षेत्र के जौनपुर सुल्तानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिंघावल गांव के राजा हरपाल सिंह इंटर कालेज के पश्चिम टावर के पास रविवार को सुबह बदलापुर की तरफ से जा रही अनियंत्रित कार पलट गई। जिसमें एक युवक की मौत हो गई। दूसरा घायल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रतापगढ़ जिले के थाना आसपुर देवसरा के चनौकी गांव निवासी नीरज सिंह 26 पुत्र रणजीत सिंह व आकाश सिंह 24 पुत्र विश्वजीत सिंह कार से बदलापुर की तरफ से आ रहे थे। कार नीरज चला रहे थे। वह राजाहरपाल सिंह इंटर कालेज के आगे टावर के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही गाड़ी को देख अनियंत्रित होकर गढ्ढे में जाकर पेड़ से टकरा गए जिसे कार पलट गई। जिससे कार में सवार दोनों युवक घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना 100 नंबर पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार व घायलों को ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला। घायलों को सीएचसी बदलापुर में भर्ती कराया। डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद नीरज को छोड़ दिया। जबकि आकाश की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सिंगरामऊ निवासी विनय सिंह ने बताया कि दोनों क्षेत्र के कुसहां बाजार में इलेक्ट्रॉनिक की दुकान खोल रहे थे जिसका सोमवार को उद्घाटन भी होना था।