बदलापुर /घनश्यामपुर। शादी की राह में रोड़ा बने परिजनों से क्षुब्ध होकर विषाक्त पदार्थ खाने वाली युवती ने दूसरे दिन वाराणसी के अस्पताल में दम तोड़ दिया। जबकि प्रेमी युवक का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बदलापुर में एक गांव निवासी युवक और कस्बा निवासी युवती ने सोमवार को विषाक्त पदार्थ खा लिए थे। दोनों की हालत गंभीर होने पर सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया था। युवक का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। जबकि युवती की हालत नाजुक देख रविवार को ही यहां से बीएचयू रेफर कर दिया गया था। बीएचयू में इलाज के दौरान सोमवार को उसने दम तोड़ दिया। चर्चा है कि युवक और युवती के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। कुछ दिन पहले दोनों घर से गायब भी हो गए थे। उस मामले में लड़की की मां की तहरीर पर पुलिस ने युवक के खिलाफ अपहरण और दुराचार का केस भी दर्ज किया है। चर्चा है कि लड़की के परिजनों ने उसकी शादी तय कर दी थी। इसी बात से दोनों परेशान थे। रविवार को सुबह बदलापुर स्थित श्रीकृष्ण जूनियर हाईस्कूल के मैदान में रोज की तरह क्रिकेट खेलने पहुंचे युवक ने विषाक्त पदार्थ खा लिया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया तभी थोड़ी देर बाद पता चला कि युवती ने भी घर में विषाक्त पदार्थ खा लिया था।