चंदौली। शादी के दिन लान से दुल्हन के तीन लाख रुपये कीमत के गहने गायब होने के मामले में लान संचालक की भूमिका संदिग्ध है। पुलिस की छानबीन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर स्थानीय पुलिस ने लान संचालक से पूछताछ शुरू कर दी है।
23 फरवरी को नगर के अमन जायसवाल की छोटी पुत्री मनीषा की शादी लान से हुई। शादी के दिन हल्दी व मंडप का रश्म पूरा हो रहा था। उसी दौरान एक युवक और युवती गहने से भरा बैग लेकर निकल गए। इसकी जानकारी उस समय हुई जब हल्दी का रश्म पूरा होने के बाद दुल्हन को लेकर परिजन अंदर कमरे में गए तो सामना विखरा पड़ा था। इसके बाद इन लोगों ने पुलिस को सूचना दिया। मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल की लेकिन दोनों का पता नहीं चला। परिजनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने लान में लगे सीसी टीवी फुटेज को देखा। जिसमें एक युवक और युवती गहने से भरा बैग लेकर जाते हुए दिखाई दिए।जबकि लान संचालक इसके पूर्व इन सभी के साथ बात करते हुए पाया गया है। भूमिका संदिग्ध मिलने पर पुलिस संचालक से पूछताछ कर रही है।