बरसठी। कटवार बाजार में स्थित काशी गोमती संयुत ग्रामीण बैंक की शाखा का शटर चांड़ कर शनिवार की रात चोर बैंक के अंदर दाखिल हुए लेकिन तिजोरी पर हाथ नहीं लगा सके। चोरों ने बैंक के काउंटर में रखे अभिलेखों को इधर-उधर फेंक दिया था। बाद में चोरों ने बैंक के आसपास की पांच दुकानों का शटर चांड़ कर चोरों ने नकदी समेत 50 हजार से अधिक का सामान चुरा लिया।
रात में चोर बैंक का शटर और चैनल का ताला तोड़कर बैंक के अंदर घुसे चोर तिजोरी तक नही पहुंच सकें। सुबह सूचना पर शाखा प्रबंधक राज किशोर पांडेय और थाना प्रभारी राजकुमार तिवारी मौके पर पहुंचे। तिजोरी सुरक्षित देख बैंक अधिकारी और पुलिस ने राहत की सांस ली। सूचना पर बैंक के रिजनल मैनेजर राजनाथ राम व कार्मिक प्रबंधक अशोक कुमार पांडेय भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। रात में बैंक से चंद कदम की दूरी पर यूपी 100 की गाड़ी भी खड़ी रहती है। घटना की भनक पुलिस को नही लगी। चोरों ने बैंक के आस पास स्थित हरिशंकर शर्मा की प्रिंटिंग प्रेस, जंग बहादुर बिन्द की उर्वरक की दूकान, सरमेंद्र खलीफा और सुरेश की चाय पान व भागीरथी बिंद के जनरल स्टोर का ताला तोड़कर करीब 50 हजार नगदी सहित समान उठा ले गये। चोरों का पता लगाने के लिए पुलिस बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे का फुटेज खंगाल रही है। पीड़ितों की तरफ से पुलिस को तहरीर दी गई है।