जौनपुर। जिले के चार अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में एक शिक्षक की मौत हो गई और किशारी समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सुईथाकला: सरपतहां थाना क्षेत्र के रुधौली बाजार में टैक्टर की चपेट में आने से कम्मरपुर गांव निवासी शिक्षक छोटेलाल सिंह 65 की घटनास्थल पर मौत हो गई। वह सोमवार को गांधी स्मारक पीजी कालेज समोधपुर के पास स्थित सेंट्रल बैंक आफ इंडिया शाखा सुइथाकला से पैसा निकालने के बाद बैंक के सामने खड़े होकर बात कर रहे थे। इसी दौरान सूरापुर की तरफ से आ रही तेज रप्तार से आ रहे टैक्टर की चपेट में आने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
बदलापुर: क्षेत्र के सरायगुंजा गाँव के पास बुलट तथा पिकअप के बीच हुई भिड़ंत में बुलट सवार महराजगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कोल्हुआ निवासी सुशील सिंह 48 वर्ष अपनी बुलेट से किसी निमंत्रण से बटाऊबीर होकर घर वापस आ रहे थे। वह जैसे ही सरायगुंजा गाँव के पास पहुंचे कि सामने से आ रही पिकअप से उनकी भिड़ंत हो गई। जिससे बुलेट पर सवार सुशील सिंह तथा पीछे बैठे मुन्ना सिंह 45 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बदलापुर लाया गया। जहां हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
शाहगंज: क्षेत्र के सराय मोहद्दीनपुर गांव निवासी बबलू की पुत्री समी 8 वर्ष बाइक के धक्के से घायल हो गई। वह घर के पास सड़क के किनारे खेल रही थी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे बाइक सवार ने धक्का मार दिया। उपचार के लिए उसे राजकीय पुरुष चिकित्सालय में भर्ती कराय गया।
डोभी:क्षेत्र के खुज्जी मोड़ के पास नशे के धुत में गिरने से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। विक्की राम 30 वर्ष व मिंटू राम 28 वर्ष निवासी ऊचवरी थाना खानपुर गाजीपुर किसी काम से चंदवक थाना क्षेत्र के मंदुपुर गांव में जा रहे थे। अनियंत्रित होकर दोनों गिर गए जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई। बताया जा रहा है कि दोनों नशे में थे।