जिले के अलग अलग हुए सड़क हादसों में बाइक सवार एक महिला की मौत हो गई जबकि छात्र समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मडियाहूं प्रतिनिधि के अनुसार मडियाहूं थाना क्षेत्र के भुसेहरा गांव निवासी प्रेमा देवी (45) पत्नी विजय बहादुर प्रजापति शुक्रवार को अपने पुत्र आनंद के साथ बाइक से सितम सराय बाजार में स्थित यूनियन बैंक से पैसा निकालने जा रही थी। सितम सराय बाजार में एक महिला को बचाने के प्रयास में बाइक असंतुलित होकर गिर पड़ी। जिससे पीछे बैठी महिला प्रेमा देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मडिय़ाहूं लेकर आए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शाहगंज प्रतिनिधि के अनुसार एफसीआई गोदाम शाहगंज के प्रबंधक झारखंड प्रान्त के दरभंगा निवासी मुकेश (35) पुत्र महेश प्रसाद शाहगंज कस्बे के सुल्तानपुर मार्ग स्थित पेट्रोल पम्प से बाइक में पेट्रोल डलवाकर जैसे ही सड़क पर पहुंचे तभी एक वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें राजकीय पुरुष चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। दूसरी ओर कोतवाली क्षेत्र के निजामपुर गांव निवासी तनवीर अहमद (18) पुत्र हिसामुद्दीन खुटहन से परीक्षा देकर अपनी बाइक से घर लौट रहा था। बनुआडीह गांव के समीप साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर गिर पङा। जिसमें वह गम्भीर रुप से घायल हो गया। उपचार के लिए निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
मछलीशहर प्रतिनिधि के अनुसार स्थानीय रोडवेज डिपो के समीप बस की चपेट में आने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। वाराणसी के नवापुर निवासी लक्ष्मीकांत त्रिपाठी (50 ) औद्योगिक क्षेत्र सतहरिया स्थित एक फैक्ट्री में काम करता है। वह ड्यूटी से वापस वाराणसी जा रहे थे। स्थानीय रोडवेज डिपो पर बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान इलाहाबाद से जौनपुर की ओर जा रही रोडवेज की बस डिपो में न जाकर मुख्य मार्ग पर ही सवारी उतारकर सीधे गुजरने लगी। बस में सवार होने के लिए लक्ष्मीकांत दौड़कर बस में चढने का प्रयास करने लगे। तभी चालक ने बस की रफ्तार बढ़ा दी। जिससे वह बस की सीढ़ी पर अनियंत्रित होकर नीचे गिर पड़े । वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सीएचसी पहुंचाया गया। जहां डाक्टर ने हालत नाजुक देख उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।