सिकरारा। स्थानीय थाना क्षेत्र के जमुआ गांव में मंगलवार को एक विवाहिता की संदिध स्थितियों में मौत हो गई। मौत की सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने पति समेत चार के विरुद्ध दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी। पुलिस ने केस दर्ज कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मड़ियाहूं के बारी गाँव निवासी ओम प्रकाश की पुत्री सीमा की शादी छह साल पूर्व जमुआ गांव निवासी तेरसनाथ प्रजापति के साथ हुई थी। मंगलवार को सुबह सीमा(25) का शव उसके कमरे में फंदे पर लटकता पाया गया। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही थी। तभी मायके वाले भी पहुंच गए और ससुरालवालों पर दहेज प्रताडना व फांसी लगाकर हत्या का आरोप लगाते हुए पति तेरस,ससुर रामनाथ,ननद मनीषा, भाभी रेनू पत्नी अरविंद के विरुद्ध तहरीर दी। पुलिस तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
किशोरी ने फांसी लगाकर दे दी जान
महराजगंज। स्थानीय थाना क्षेत्र के बरहूपुर गांव निवासी लालचंद्र सरोज की बेटी ज्योति(17) ने मंगलवार को सुबह फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के मुताबिक अभी इसी साल इंटर मीडिएट की परीक्षा पास की है। सफेद दाग से पीड़ित थी। जिसका दो वर्षों से इलाज चल रहा था। शादी के लिए कई जगह उसका रिश्ता तय किया गया लेकिन रिश्ता भी ठुकरा दिया जाता था। इस बात को लेकर वह काफी दुखी रहती थी। मंगलवार की सुबह सभी परिजन खेत में गए थे। तभी अकेले कमरे में जाकर पंखे से दुपट्टा बांधकर वह फंदे पर झूल गई। परिवार के लोग घर लौटकर आए तो कमरे में उसका फंदे पर लटकता शव देख हतप्रभ रह गए। सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किशोरी के पिता लालचंद छत्तीसगढ़ में नौकरी करते है। घर पर मौजूद माता श्यामादेवी, दादा रामबहादुर व दादी अमरावती का रोरोकर बुरा हाल है।