स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के कृपाशंकर नगर मोहल्ले में ससुराल आए एक युवक की हत्या कर शव पटिया से बांधकर घर के सामने कुएं में फेंक दिया गया। युवक का पता लगाते बुधवार को उसके परिवार के लोग ससुराल में पहुंचे तो घर में ताला बंद था। सामने स्थित कुएं से उठ रही तेज दुर्गंध से लोगों ने कुएं में देखा तो युवक का शव दिखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कुएं से शव निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने चार के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
जौनपुर नगर कोतवाली क्षेत्र के नईगंज निवासी इकबाल का बेटा अकरम (25) टेंट हाउस पर काम करता था। 6 दिसंबर की शाम वह टेंट हाउस मालिक से मजदूरी का एक हजार रुपया लेकर ससुराल जाने के लिए निकला था। लेकिन घर लौटकर नहीं आया। कई दिन बीतने के बाद बुधवार को अकरम के पिता इकबाल अपने दूसरे पुत्र शौकत, जानू व पड़ोस के रामचंद्र, कक्कू, संतोष, रोशन आदि के साथ बेटे की ससुराल मछलीशहर के कृपाशंकर नगर मोहल्ले में पहुंचे। वहां घर में ताला लगा था। लोग दरवाजे पर खड़े थे, तभी सामने स्थित कुएं से बदबू उठती देख लोगों ने कुएं में देखा को युवक का शव तैर रहा था। इकबाल की तहरीर पर पुलिस ने ससुराल के चार के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को दी गई तहरीर में इकबाल ने कहा है कि मृतक की सास जमीला उसकी पत्नी को लेकर 10 दिसंबर को उनके घर नईगंज गई थी। वह रात में उनके घर रही। अगले दिन सुबह वह जेल में बंद अपने बेटे गुड्डूू से मिलने गई थी। उसके बाद से उसका पता नहीं है।