नेवढ़िया। स्थानीय थाना क्षेत्र के कादीपुर दरगाह गांव के पास दो दिसंबर की रात आटो चालक की हत्या शराब पीने के विवाद में की गई थी। हत्या करने के बाद आरोपियों ने उसके पास से सात हजार रुपये भी लूट लिया था। आटो चालक की हत्या के आरोपी झांसी दीवानी न्यायालय में समर्पण करने के बाद इस बात का खुलासा किया है। वह ललितपुर जिले का हिस्ट्रीशीटर भी है।
नेवढ़िया थाना क्षेत्र के मुंशीपुर (पडराव) निवासी महेंद्र पटेल की दो दिसंबर की रात हत्या कर उसका शव कादीपुर दरगाह गांव के पास नहर में फेंक दिया गया था। उसके सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोट के निशान थे। उसका आटो रिक्शा बगल खाई में पलट दिया गया था। थानाध्यक्ष रुद्रभान पांडेय ने बताया कि घटना को देखने से ऐसा प्रतीत हो रहा था कि हत्यारे आस पास के ही होंगे। इसी शक के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। कादीपुर दरगाह गांव के बगल के गांव कसियाव के अनिल गौड़ ऊर्फ सोनू के घर पर शक के आधार पर दबिश दी गई तो आरोपी अनिल का खून से सना कपड़ा मिला और वह घर से फरार था। आरोपी ने खुद को पुलिस से घिरता देख झांसी कोर्ट में जाकर समर्पण कर दिया। आरोपी ललितपुर जिले का हिस्ट्रीशीटर भी है। थानाध्यक्ष नेवढिय़ा ने बताया कि ललितपुर पुलिस ने उससे पूछताछ की तो उसने आटो चालक महेंद्र की हत्या का जुर्म कबूल किया। उसने वहां पुलिस को बताया है कि घटना वाली शाम को शराब पीने को लेकर दोनों में विवाद हुआ था। हत्या करने से पहले उसे खूब शराब पिलाई थी फिर उसे नहर के किनारे ले जाकर राड से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। नेवढ़िया पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेने की तैयारी में जुटी है।