शाहगंज/सिंगरामऊ। जिले के शाहगंज और सिंगरामऊ थाना क्षेत्र में मंगलवार को हुए सड़क हादसों में पांच छात्राओं समेत कुल सात लोग घायल हो गए। शाहगंज में छात्राओं से भरी टाटा सूमो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई जबकि सिंगरामऊ में ट्रक और टाटा मैजिक की आमने सामने टक्कर में टाटा मैजिक के चालक और खलासी घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शाहगंज कस्बा से लगे सुल्तानपुर जिले के बिलवाई बाजार स्थित एक डिग्री कालेज की पांच छात्राएं टाटा सूमो में सवार होकर कालेज जा रही थी। ताखा पश्चिम गांव के समीप पीछे से आई तेज रफ्तार बोलेरो चालक ओवरटेक कर आगे बढ़ना चाहा। इसे पास देने के चक्कर में छात्राओं को लेकर जा रही टाटा सूमो सड़क किनारे पलट गई। आगे जा रही अनियंत्रित बोलेरो भी पलट गई। सूमो में सवार बीए प्रथम वर्ष की छात्रा ममता (20), रेशू (20), रंजना (19), महिमा (18) व रुचि (19) घायल हो गईं। सभी का उपचार नगर के एक निजी चिकित्सालय में कराया गया। घटना की खबर लगते ही महाविद्यालय प्रबंधन के लोग व अभिभावक अस्पताल पहुंच गए। प्राथमिक उपचार के बाद सभी छात्राओं को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अभिभावक उन्हें लेकर घर चले गए। हादसे में दोनों वाहनों के चालकों को मामूली चोट आई है।
उधर, सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के कबेली नई बस्ती के पास हाईवे पर सुबह करीब आठ बजे मैजिक व ट्रक की आमने सामने टक्कर हो गई। मैजिक के चालक व खलासी घायल हो गए। ट्रक चालक ट्रक सहित फरार हो गया । मैजिक चालक चंद्रहास द्विवेदी (35) निवासी राजाजीपुरम लखनऊ, खलासी लालजी गिरी निवासी अंतू प्रतापगढ़ लखनऊ से कैटरिंग का सामान लादकर जौनपुर जा रहे थे । सुबह करीब आठ बजे जैसे ही कबेली नई बस्ती के पास पहुंचे थ तभी जौनपुर की तरफ से आरहे ट्रक से सीधी टक्कर हो गई। चालक और खलासी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सीएचसी बदलापुर पहुंचाया गया जहां हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।