शाहगंज। भारतीय स्टेट बैंक की शाहगंज शाखा में स्थित एक बैंक खाते से जालसाजों ने 4.60 लाख रुपये उड़ा दिए। सोमवार को बैंक खाते से रुपये निकालने पहुंचे खाताधारक व्यापारी को जब इस बात की जानकारी हुई वह परेशान हो गए। उन्होंने शाखा प्रबंधक से शिकायत की और पुलिस को ऑनलाइन तहरीर भी दी है।
शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के कोरवलिया गांव निवासी धीरेंद्र यादव सीमेंटेड ईंट का कारोबार करते हैं। एसबीआई की शाहगंज शाखा में उनकी फर्म राज इंटर प्राइजेज नाम से उनका बैंक खाता है। अपने फर्म के बैंक खाते से एक लाख रुपये निकालने के लिए सोमवार को उन्होंने बैंक में चेक जमा किया था। पता चला कि राज इंटर प्राइजेज के बैंक खाते में सिर्फ 10 हजार रुपये बैलेंस हैं। यह सुनते ही धीरेंद्र हैरान हो गए। उनके मुताबिक बैंक खाते में कुल 4.70 लाख रुपये होना चाहिेए था जबकि सिर्फ 10 हजार रुपये खाते में बैलेंस है। इस हिसाब से 4.60 लाख रुपये खाते से गायब हो गया है। उन्होंने बैंक शाखा प्रबंधक से शिकायत की। शाखा प्रबंधक ने जांच कराने का भरोसा जरूर दिया लेकिन फर्म के मालिक संतुष्ट नहीं हुए तो उन्होंने पुलिस को ऑनलाइन तहरीर दी है। इस संबंध में सीओ अवधेश कुमार शुक्ल का कहना है कि ऐसी कोई जानकारी उन्हें नहीं है। अगर पुलिस को तहरीर मिली होगी तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।