सिकरारा। स्थानीय थाना क्षेत्र के जनेवरा गांव में दो दिन पहले सड़क हादसे में घायल महिला की अस्पताल में मौत की अफवाह पर दलित बस्ती के लोगों ने बुधवार को एक शिक्षक के घर पर जमकर तोड़फोड़ की। पुलिस के पहुंचने पर मामला शांत हुआ। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने 16 नामजद व 40 अज्ञात के खिलाफ बलवा का केस दर्ज किया है। उधर घटना से गुस्साए शिक्षक के परिवार व उनके समर्थकों ने फतेहगंज बाजार में हाईवे जाम कर दिया। हालांकि पुलिस ने 15 मिनट में ही जाम समाप्त करा दिया। एहतियात के तौर पर फोर्स तैनात कर दी गई है।
दो दिन पूर्व दुर्गा पूजा देखने पहुँचे दोनों वर्गों के युवकों से कुछ कहा सुनी हो गयी थी। मंगलवार को गांव के मंगरु का बेटा अपनी माँ द्रौपदी के साथ बाइक से कहीं जा रहा था। रास्ते में क्षत्रिय परिवार के दो युवकों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि उन लोगों ने मां-बेटे की पिटाई कर दी। घायल महिला को पीएचसी पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। धर्मेंद्र की तहरीर पुलिस ने एक नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ दलित उत्पीडन व मारपीट का केस दर्ज कर लिया। बुधवार को दलित बस्ती के लोग घटना के विरोध में कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करने पहुंचे थे। इसी बीच गांव में अफवाह फैल गई कि जिला अस्पताल में भर्ती द्रौपदी की मौत हो गई। इससे गुस्साए दलित बस्ती से बड़ी संख्या में लोग रवींद्र सिंह के घर पर तोड़फोड़ की। घटना की खबर मिलते ही एएसपी ग्रामीण संजय राय मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।