गौराबादशाहपुर। बस में सवार होकर किसान रैली में शामिल होने जिला मुख्यालय जा रहे भाजपा के केराकत विधानसभा अध्यक्ष संजय पांडेय को सेवईनाला के पास बस रोक कर बाइक सवार बदमाशों ने पिटाई कर दी। आरोप है कि बदमाशों ने तमंचा सटाकर उनसे पांच हजार रुपये भी लूट लिए।
चंदवक थाना क्षेत्र के कोपा गांव निवासी संजय कुमार पांडेय अपने कार्यकर्ताओं के साथ बस में सवार होकर जिला मुख्यालय पर आयोजित किसान रैली में शामिल होने जा रहे थे। बस सेवईनाला बाजार के पास पहुंची थी तभी पीछे से आ रहे दो बाइक पर सवार छह बदमाशों ने बस को रोक लिया। बदमाश बस के अंदर घुस गए और संजय पांडेय की पिटाई शुरू कर दी। पीड़ित का आरोप है कि बदमाशों ने तमंचा सटाकर उनके पास से पांच हजार रुपये भी लूट लिए और फरार हो गए। पीड़ित ने घटना की सूचना 100 नंबर पर दी। थानाध्यक्ष जफराबाद उदय प्रताप सिंह, केराकत कोतवाल प्रशांत श्रीवास्तव और गौराबादशाहपुर थाना अध्यक्ष विजय बहादुर सिंह मौके पर पहुंचे। लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।